महाप्रबंधक का संदेश

मेरे प्रिय साथियो ,

मैं व्यक्तिगत रूप से एवं संपूर्ण बी.एस.एन.एल. परिवार की ओर से आप सभी को तथा आपके परिजनों को नववर्ष 2022 की हार्दिक शुभकामनाएँ देता हूँ। वर्ष 2021 में हम सभी कोरोना के संक्रमण के कारण कठिन दौर से गुजर रहे थे। हालाँकि वर्तमान में ओमिक्रॉन वायरस के संक्रमण के कारण यह दौर अभी खत्म नहीं हुआ है, इसलिए हम सभी को सचेत रहना चाहिए तथा प्रशासन द्वारा समय-समय पर दी गईं सूचनाओं का पालन करना चाहिए। हम सभी अपनी जिम्मेदारियों को भलीभाँति जानते हैं तथा इसके निर्वाहन में हमें सभी संभव प्रयास करने चाहिए।

वर्ष 2022 की शुरुआत व्यावसायिक क्षेत्र नागपुर के लिए अच्छी प्रतीत होती नजर आ रही है। इस संदर्भ में जानकारी इस प्रकार है:

1.अप्रैल से दिसंबर माह की तुलना करें तो वर्ष 2021 में IN Revenue रु.1.48 लाख प्रतिदिन तक पहुँचा है जो वर्ष 2020 में रु.1.23 लाख था। अत: इसमें 20.38 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

2.प्रतिमाह सिम बिक्री जो हमारी लगभग 1700 हुआ करती थी, दिसंबर 2021 माह में हमने कुल 6900 सिम की बिक्री की है जो लगभग 4 गुना अधिक है। महाराष्ट्र परिमंडल के उन चुनिंदा पाँच एसएस ए में हम हैं जिन्होंने दिसंबर माह के सिम बिक्री के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को पार किया है। माह दिसंबर में नागपुर व्यावसायिक क्षेत्र का लक्ष्य 5615 था।

3. दिसंबर 2021 माह में कुल 2246 ग्राहकों ने अन्य ऑपरेटरों की सेवाएँ छोड़कर बी.एस.एन.एल. से सेवाएँ ली हैं और केवल 523 ग्राहक बी.एस.एन.एल. की सेवा को छोड़कर अन्य ऑपरेटरों के पास गए हैं। इस प्रकार हम अन्य ऑपरेटरों के 1723 ग्राहक अपने साथ जोड़ पाए हैं।

4. वर्ष 2020 में माह अप्रैल से दिसंबर के दरम्यान हमने कुल 4414 नए FTTH कनेक्शन दिए थे, जिससे हमें रु. 6.241 करोड़ का राजस्व अर्जित हुआ। वर्ष 2021 में माह अप्रैल से दिसंबर के दौरान हमने कुल 4762 नए FTTH कनेक्शन दिए और हमारा राजस्व रु. 11.18 करोड़ तक बढ़ा है।

5. Enterprise Business (ई.बी.) क्षेत्र में नागपुर एस एस ए लगातार महाराष्ट्र दूरसंचार परिमंडल में अग्रणी रहा है। वर्ष 2021 में डब्ल्यू सी एल ने हमसे 3786 नए मोबाइल कनेक्शन लिए हैं, जिससे आनेवाले 5 वर्षों में रु. 5.15 करोड़ का राजस्व प्राप्त होगा। साथ ही हमने MECL को IDC सेवाएँ प्रदान की हैं जिससे आनेवाले 5 वर्षों में रु.2.4 करोड़ का राजस्व हासिल होगा। महाराष्ट्र परिमंडल में OBD सेवाएँ सबसे पहले नागपुर एस एस ए ने दी है।

व्यावसायिक क्षेत्र नागपुर ने 2021 में कुल मिलाकर 481 लीज्ड लाइनें प्रदान करने में अग्रणी भूमिका निभाई है जिसके कारण प्रति तीन माह में रु.3.48 करोड़ का राजस्व बी.एस.एन.एल. को प्राप्त होता है।

माह जनवरी 2020 में कर्मचारियों की बड़े पैमाने में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के पश्चात तथा हमारे नेटवर्क में एन जी एन एवं एफ टी टी एच जैसी सेवाओं के आने के कारण काफी अधिक संख्या में हमारे कार्यालय, स्टाफ क्वार्टर , स्टोर गोडाउन में जगह रिक्त हो गई है। इसे किराए पर देकर अधिक से अधिक राजस्व हासिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अभी तक हम रु. 2.68 करोड़ प्रतिवर्ष किराया हासिल करने में सफल हुए हैं। मुझे यह जानकारी देते हुए हर्ष हो रहा है कि नववर्ष की पूर्व संध्या पर दिनांक 31 दिसंबर 2021 को केंद्रीय तारघर बिल्डिंग के भूतल पर 2075 वर्ग फुट की जगह बैंक ऑफ बड़ौदा को दी है जिसका प्रतिमाह किराया रु.1.66 लाख है। इससे आनेवाले 10 वर्षों में हमें रु. 2.09 करोड़ का राजस्व हासिल होगा। इसी प्रकार आर टी टी सी नागपुर की प्रशासनिक इमारत आयकर विभाग को रु. 27.35 लाख प्रतिमाह की दर पर देना तय हुआ है, जिसे आनेवाले एक माह के भीतर देने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा एल आई सी, डाक विभाग, आदिवासी विभाग, बी आई एस, एयरइंडिया, IGNOU, सी आर पी एफ, जी एस टी, ऑफिसर क्लब, MROTEK इन कार्यालयों से भी बी.एस.एन.एल. की इमारतें किराए पर लेने हेतु माँग की गई है। इस प्रकार हमारी इमारतों को जल्द से जल्द किराए पर देकर अधिक राजस्व हासिल करने के प्रयास जारी हैं।

ग्राहकों में भारी मात्रा में अधिक डाटा स्पीड की माँग के कारण हमारी लैंडलाइन एवं ब्रॉडबैंड सेवा में निरंतर गिरावट जारी है, किंतु हमें यह ध्यान रखना है कि ये ग्राहक कई वर्षों से बी.एस.एन.एल. के साथ जुड़े हैं। अत: ग्राहकों के उसी टेलीफोन नंबर को कायम रखते हुए हमें एफ टी टी एच सेवा शीघ्र प्रदान करनी चाहिए। ऐसा करने से हम अपने सम्मानीय ग्राहकों को बी.एस.एन.एल. के साथ जोड़े रखने में कामयाब हो पाएँगे।

व्यावसायिक क्षेत्र नागपुर कार्यालय में हम ये सभी प्रयास करने में सक्षम हो पा रहे हैं जिसका मुख्य श्रेय हमारे हर कर्मचारी, अधिकारी, सभी चैलन पार्टनरों एवं ठेकेदारों को जाता है। हमारी इन उपलब्धियों में सभी इकाईयों का महत्वपूर्ण योगदान है जिसके कारण कार्य करने हेतु एक अनुकूल वातावरण हमेशा बना रहता है। हमारे सभी कर्मचारियों तथा अधिकारियों के परिजनों का भी मैं विशेष उल्लेख करना चाहता हूँ क्योंकि उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों को भलीभाँति निभाकर हमें यह सहूलियत प्रदान की है कि हम बी.एस.एन.एल. की जिम्मेदारियों को निभाने में सक्षम हो पाए हैं।

मैं आप सभी के उत्तम स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ तथा आशा करता हूँ कि इस वर्ष 2022 में भी हम सभी मिलकर निरंतर अच्छा कार्य करते रहेंगे।

शुभकामनाओं सहित।


यश पान्हेकर
महाप्रबंधक।

Best Viewed in 1366 x 1024 resolution